लखनऊ /फर्रुखाबाद: सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी द्वारा क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर किए जा रहे निरंतर प्रयास अब ठोस परिणाम की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। उनके मुख्यमंत्री को पूर्व मे मुलाक़ात के क्रम मे प्रेषित उनके आधिकारिक पत्रों के बाद रेल उपरिगामी सेतु (ओवरब्रिज) निर्माण की प्रक्रिया तेज हुई है, वहीं इससे पहले भी उन्होंने शासन स्तर पर कई महत्वपूर्ण मुलाकातें कर परियोजनाओं को गति दिलाने का प्रयास किया था।
विधायक मेजर द्विवेदी ने पूर्व में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर फर्रुखाबाद में
राजकीय ऑडिटोरियम निर्माण,
देवरामपुर–नगला खेरेबंद रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर,
तथा फतेहगढ़–गुरसहायगंज मार्ग के चौड़ीकरण (बाईपास सहित)
जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री से हुई इन बैठकों के बाद संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे।
उन्होंने 15 दिसंबर 2025 को लखनऊ में विधानसभा सत्र प्रारंभ होने से पूर्व भी विधायक ने फर्रुखाबाद के प्रस्तावित विकास कार्यों की तैयारी को लेकर अधिकारियों से चर्चा की थी। विशेष रूप से पीडब्ल्यूडी से संबंधित सड़क परियोजनाओं और रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर के विषय को प्रमुखता से रखा गया था।
मंगलवार को सदर विधायक ने उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी) धर्मवीर सिंह से अपने विधानसभा स्थित कार्यालय मुलाकात कर रेल ओवरब्रिज निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने यूथ इंडिया को बताया कि प्रस्ताव आगामी सप्ताह वित्तीय समिति (FC) में निर्धारित है और उम्मीद है कि मामला शीघ्र स्वीकृत हो जाएगा।
इसके अतिरिक्त विधायक ने आगामी बुधवार को सेतु निगम के प्रमुख सचिव को विधानसभा स्थित अपने कार्यालय में अगली वार्ता हेतु आमंत्रित किया है, ताकि परियोजना की अंतिम औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा कराया जा सके।
फतेहगढ़–फर्रुखाबाद मार्ग पर लगने वाले जाम से आमजन, स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विधायक का कहना है कि इस समस्या का स्थायी समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है।
लगातार पत्राचार, शासन स्तर की बैठकों और शीर्ष अधिकारियों से सीधे संवाद के माध्यम से मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने यह स्पष्ट किया है कि फर्रुखाबाद के विकास को लेकर वे प्रतिबद्ध हैं।


