29 C
Lucknow
Saturday, April 11, 2026

कार-बाइक भिड़ंत में घायल युवक से नगदी व मोबाइल छीनकर फरार हुए आरोपी

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सड़क हादसे के बाद घायल युवक के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। कार और बाइक की जोरदार टक्कर में बाइक सवार युवक घायल हो गया, वहीं आरोप है कि कार सवार हमलावर मौके का फायदा उठाकर उससे नगदी और मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ललौर निवासी अनमोल कुमार पुत्र बृजेश कुमार अपने पिता के दोस्त शैलेश कुमार निवासी कलुआपुर को ₹10,000 देने के लिए बाइक से जा रहा था। जब वह रोशनाबाद-फर्रुखाबाद मार्ग पर नगला नान और रोशनाबाद के बीच स्थित एक गैस एजेंसी के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार कार ने लापरवाहीपूर्वक टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार अनमोल सड़क पर गिरकर घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित का आरोप है कि दुर्घटना के तुरंत बाद कार सवार लोगों ने उसके पास रखे ₹10,000 और मोबाइल फोन छीन लिया और फर्रुखाबाद की दिशा में फरार हो गए।
शोर-शराबा सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, तब तक आरोपी कार सहित भाग चुके थे। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।
सूचना मिलने पर फैजबाग चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस को मौके से कार का नंबर भी मिला, जिसके आधार पर दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि घायल युवक को उपचार के लिए भिजवाया गया है। उन्होंने कहा कि अभी तक पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article