मैनपुरी। जनपद के आलीपुर खेड़ा कस्बे में शुक्रवार को स्वतंत्रता संग्राम की महान वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी का 168वां बलिदान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन आदर्श बनवारी लाल स्मारक इंटर कॉलेज के प्रांगण में किया गया, जहां लोधी समाज सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने उपस्थित होकर वीरांगना को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने रानी अवंती बाई के अद्वितीय साहस, बलिदान और देशभक्ति को याद करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर उद्योगपति डॉ. ताले राम वर्मा ने महत्वपूर्ण मांग उठाते हुए कहा कि रानी अवंती बाई के बलिदान दिवस 20 मार्च को राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया जाना चाहिए, ताकि देश की आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान को भली-भांति जान सकें और उनसे प्रेरणा ले सकें।
उन्होंने कहा कि रानी अवंती बाई स्वाधीनता संग्राम में शहीद होने वाली प्रथम महिला वीरांगना थीं, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ अदम्य साहस के साथ संघर्ष किया। उनका बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है।
वक्ताओं ने बताया कि वर्ष 1857 की क्रांति के दौरान रामगढ़ की महारानी रानी अवंती बाई रेवांचल क्षेत्र के मुक्ति आंदोलन की प्रमुख सूत्रधार थीं। उन्होंने अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों का डटकर विरोध किया और “कोर्ट ऑफ वॉर्ड्स” के फरमान को सिरे से खारिज कर दिया। इसके बाद उन्होंने आसपास के राजाओं और वीर सैनिकों को संगठित कर लगभग 4,000 सैनिकों की सेना तैयार की।
गोपाल दास लोधी ने बताया कि मात्र 26 वर्ष की आयु में रानी अवंती बाई ने अंग्रेजों को कड़ी चुनौती दी और खेरी गांव में हुए युद्ध में ब्रिटिश सेना को करारी शिकस्त दी। उनका संघर्ष और बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में आज भी याद किया जाता है।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अजंट सिंह राजपूत, अभिलाख सिंह राजपूत, तिलक सिंह राजपूत, मास्टर राधाकृष्ण लोधी, अनिल कुमार राजपूत, शिवचरन सिंह, रामौतार यादव, श्याम बाबू लोधी, अरविंद कुमार राजपूत, बंटी शर्मा, गौरव लोधी, सौरभ लोधी, विशाल राजपूत और कृष्णा प्रजापति सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पूरे कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति का माहौल बना रहा और सभी ने एक स्वर में वीरांगना रानी अवंती बाई के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।


