फर्रुखाबाद। जिले में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से पछुआ हवाएं तेज़ हो गई हैं, जिससे सर्दी और भी बढ़ गई है। कई जिलों में तापमान शून्य डिग्री की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने 9 से 10 जनवरी तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
पिछले एक सप्ताह से जारी भीषण सर्दी के प्रकोप के चलते आम जनजीवन अस्त-व्यस्त बना हुआ है। लोग हालात के सहारे जीवन यापन करने को मजबूर हैं। खास तौर पर बुजुर्गों और बच्चों की स्थिति सर्द मौसम के कारण खराब बनी हुई है। सुबह और देर शाम को ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है, जिससे लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं।
मौसम के मिजाज को देखते हुए आने वाले दिनों में भी सर्दी से राहत मिलने के आसार कम दिखाई दे रहे हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने, गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।






