सिर्फ 35.43 फीसदी रकम फ्रीज, 40 फीसदी लक्ष्य को लेकर पुलिस सख्त

लखनऊ| साइबर अपराध की रफ्तार लगातार चिंता बढ़ा रही है। बीते महज 26 दिनों के भीतर शहर में साइबर ठगों ने 8 करोड़ 20 लाख 99 हजार 871 रुपये की ठगी को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस की सक्रियता से 2 करोड़ 90 लाख 90 हजार 537 रुपये की रकम फ्रीज कराई जा सकी, लेकिन यह कुल ठगी की रकम का सिर्फ 35.43 प्रतिशत ही है। अब पुलिस प्रशासन ने इस प्रतिशत को हर हाल में 40 तक ले जाने का लक्ष्य तय किया है।
एसीपी साइबर क्राइम सेल अरीब खान ने बताया कि कुछ समय पहले तक फ्रीज होने वाली रकम का प्रतिशत महज 17 था, जिसे लगातार प्रयासों के बाद बढ़ाकर 35.43 प्रतिशत तक लाया गया है। अधिकारियों के स्पष्ट निर्देश हैं कि इस आंकड़े को और बेहतर किया जाए, ताकि पीड़ितों को अधिक से अधिक राहत मिल सके। इसी उद्देश्य से शनिवार को शहर के सभी थानों में तैनात साइबर हेल्प डेस्क कर्मियों के साथ एक वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में लखनऊ के सभी पांच जोन के साइबर क्राइम सेल के जोनल प्रभारी और करीब 70 पुलिसकर्मी शामिल हुए।
बैठक में एसीपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि साइबर ठगी का शिकार होने वाले किसी भी व्यक्ति की शिकायत सबसे पहले 1930 हेल्पलाइन नंबर पर दर्ज कराई जाए। इससे ठगी की रकम को समय रहते फ्रीज कराने में काफी मदद मिलती है। 1930 पर शिकायत दर्ज होने के बाद साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात पुलिसकर्मी पीड़ित की एफआईआर दर्ज कराने में सहायता करेंगे और केस दर्ज होने के बाद नियमित रूप से उसकी प्रगति पर नजर भी रखेंगे।
जोनवार आंकड़ों पर नजर डालें तो पूर्वी जोन में 2.39 करोड़ रुपये की ठगी के मुकाबले 51.69 प्रतिशत रकम फ्रीज कराई गई, जो सबसे बेहतर प्रदर्शन रहा। वहीं पश्चिम जोन में यह प्रतिशत 23.34, साउथ जोन में 24.68, मध्य जोन में 28.99 और नॉर्थ जोन में 39.28 रहा। कुल मिलाकर शहर स्तर पर औसत 35.43 प्रतिशत तक ही रकम फ्रीज हो सकी है।
इधर, साइबर अपराध से जुड़े मामलों की निगरानी और पीड़ितों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए साइबर क्राइम थाना को विभूतिखंड स्थित एसटीएफ मुख्यालय परिसर से हटाकर डालीगंज स्थित जेसीपी लॉ एंड ऑर्डर के कार्यालय में शिफ्ट कर दिया गया है। जेसीपी एलओ बबलू कुमार ने बताया कि नई व्यवस्था से आम लोगों की पहुंच आसान होगी और साइबर अपराध से जुड़े मामलों की मॉनिटरिंग भी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी। पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में साइबर ठगी पर लगाम लगाने और पीड़ितों को राहत दिलाने के प्रयास और तेज किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here