चंदौली: चंदौली (Chandauli) जिले में दिन ब दिन जंगली सुअरों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। सुअर आए दिन लोगों पर हमला कर घायल (injured) कर रहे हैं। इस बार सुअरों ने खेत में काम कर रहे एक महिला और एक पुरुष पर हमला किया, हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाके में दहशत का माहौल देखने को मिल रहा है।
चकिया तहसील क्षेत्र के नसरथा गांव में खेत में काम कर रहे एक महिला और एक पुरुष पर जंगली सूअर ने अचानक हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान धनराज और रामरती के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों खेत में काम कर रहे थे, तभी झाड़ियों से निकलकर आए जंगली सूअर ने उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान दोनों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें जंगली सूअर से बचाया।
ग्रामीणों ने तत्काल अपने निजी साधनों से दोनों घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जंगली सुअरों के आतंक की जानकारी पहले भी वन विभाग को दी गई थी और कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते वन विभाग ने आवश्यक कार्रवाई की होती तो यह घटना टाली जा सकती थी। लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ी घटना भी हो सकती है।


