– सीसीटीवी में कैद हुई घटना
फतेहपुर। शहर के व्यस्त चौक बाजार में एक क्रिस्टा कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए भीड़ के बीच कई बाइकों और राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिससे बाजार में दहशत का माहौल बन गया।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि भीड़ अधिक होने के कारण एक स्कूली बस सड़क पर रुकती है। इसी दौरान सामने से आई क्रिस्टा कार भीड़ को चीरती हुई आगे बढ़ती है और रास्ते में खड़ी बाइकों को टक्कर मारते हुए राहगीरों को चपेट में ले लेती है। कार की टक्कर से दुकानों के बाहर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
घटना के बाद बाजार में तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल से महज कुछ ही दूरी पर पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहते हैं, इसके बावजूद हादसे के समय उनकी मौजूदगी नहीं दिखी। इसे लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली की जांच की मांग उठ रही है।
दुकानदार आशीष कुमार हयारण उर्फ जीतू हयारण ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी दुकान ‘प्रिय गिफ्ट एंड स्टील सेंटर’ के सामने क्रिस्टा कार संख्या UP 71 AH 0889 ने टक्कर मारी। हादसे में दुकान को नुकसान पहुंचा, वहीं पास में खड़ी स्कूटी (UP 71 Y 0536) भी क्षतिग्रस्त हो गई।
कोतवाली प्रभारी तारकेश्वर राय ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन चालक की पहचान की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


