17 C
Lucknow
Monday, February 16, 2026

गंगा पुल के नीचे मिला टेंट हाउस संचालक का शव, हत्या की आशंका

Must read

 

हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र के कुसुमखोर में गंगा नदी के पुल के नीचे सोमवार दोपहर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। मृतक की पहचान खद्दीपुर निवासी उपकार राजपूत (26) के रूप में हुई है, जो बेड़ीजोर में टेंट हाउस का संचालन करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिजनों के मुताबिक उपकार 11 फरवरी की सुबह बैंक ऑफ इंडिया की अरवल शाखा में एटीएम कार्ड में नाम सही कराने गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला तो 13 फरवरी को अरवल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।

सोमवार को ग्रामीणों ने कुसुमखोर स्थित गंगा पुल के नीचे शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की जानकारी खंगाली और परिजनों को बुलाया। मृतक के भाई राम प्रकाश ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की।

शव के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। मृतक की पैंट की जेब से ट्रैक्टर की चाबी भी बरामद हुई है। राम प्रकाश का आरोप है कि करीब एक माह पहले ट्रैक्टर की चाबी को लेकर डिब्बापुरवा निवासी एक व्यक्ति से उपकार का विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश में हत्या कर शव को नदी के पास फेंका गया।

थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article