शाहजहांपुर। खुटार क्षेत्र के गांव सौंफरी में शनिवार रात गन्ने के खेत में सूखे कुएं में तेंदुआ गिरने की घटना सामने आई। रविवार सुबह गांव के लोगों ने कुएं में आवाज सुनकर झांका तो वहां तेंदुआ पाया। सूचना मिलते ही रेंजर मनोज श्रीवास्तव की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे की मेहनत के बाद जाल की मदद से तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना के समय गांव से बड़ी संख्या में लोग मौके पर आ गए, जिन्होंने कुएं के ऊपर गन्ना रख दिया ताकि तेंदुआ छलांग लगाकर बाहर न आ सके। भीड़ के कारण वनकर्मियों के लिए रेस्क्यू में कठिनाई हुई, लेकिन दोपहर साढ़े 12 बजे तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेंजर मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि तेंदुए के कुएं में गिरने का कारण किसी जानवर का पीछा करना हो सकता है। तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण कर उसकी स्थिति का जायजा लिया जाएगा। वन विभाग ने ग्रामीणों से सुरक्षा बनाए रखने और वन्य जीवों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।





