लखीमपुर खीरी। जनपद के लखीमपुर खीरी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तेंदुए के हमले से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। घटना दुधवा टाइगर रिज़र्व के बफर जोन स्थित फुटहा क्षेत्र की है।
घर में घुसकर मासूम को उठा ले गया तेंदुआ
बताया जा रहा है कि रात के समय तेंदुआ गांव में घुस आया और घर के अंदर सो रही 7 वर्षीय मासूम सिमरन को उठाकर ले गया। घटना इतनी अचानक हुई कि परिजनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बच्ची के गायब होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
काफी तलाश के बाद बच्ची का शव घर से करीब 200 मीटर दूर मिला। इस दर्दनाक दृश्य को देखकर पूरे गांव में शोक और भय का माहौल फैल गया। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश, वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से वन्यजीवों की आवाजाही बनी हुई है, लेकिन वन विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
लगातार बढ़ रहे वन्यजीव हमले
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन से लगे गांवों में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। बच्चे और महिलाएं घर से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए को जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
तेंदुए का आतंक: घर में घुसकर 7 साल की बच्ची को उठाया, ग्रामीणों में उबाल


