31 C
Lucknow
Thursday, March 26, 2026

तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से टेम्पो चालक की मौत, चालक फरार

Must read

 

रायबरेली
जनपद के ऊंचाहार क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में टेम्पो चालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने टेम्पो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।

मृतक की पहचान पूरे किशुनी मजरे अरखा गांव निवासी 35 वर्षीय बृजेश कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से टेम्पो चालक था। बताया जा रहा है कि रविवार शाम वह ऊंचाहार कस्बे के बस स्टैंड पर सवारियों को उतारकर प्रतापगढ़ जिले के आलापुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान चकमिलिक मजरे कोटरा बहादुरगंज गांव के पास यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने सामने से आकर टेम्पो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो सड़क किनारे पलट गया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस के जरिए घायल बृजेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। बृजेश अपने छह भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी, जिससे परिजनों का दुख और भी गहरा हो गया है।

ऊंचाहार कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्रों में जांच की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article