24 C
Lucknow
Sunday, March 22, 2026

बिजली बोर्ड ठीक करते समय करंट से चिपका किशोर, दर्दनाक मौत; बचाने गया बड़ा भाई भी झुलसा

Must read

शमशाबाद क्षेत्र के अज़ीज़ाबाद में हादसे से मचा कोहराम, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

शमशाबाद/फर्रुखाबाद: थाना क्षेत्र के ग्राम अज़ीज़ाबाद के मजरा लिखड़पुरा में रविवार शाम एक हृदयविदारक हादसा हो गया। घर के कमरे में लगे बिजली बोर्ड की खराबी ठीक करते समय 15 वर्षीय किशोर करंट की चपेट में आ गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे में किशोर को बचाने दौड़ा उसका बड़ा भाई भी करंट की चपेट में आकर झुलस गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी ज्ञान सिंह यादव का 15 वर्षीय पुत्र रोहित रविवार करीब 3 बजे कमरे के अंदर लगे बिजली बोर्ड को ठीक कर रहा था। इसी दौरान अचानक बोर्ड में करंट दौड़ गया और रोहित उसमें चिपक गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर परिजन घबरा गए।

शोर सुनकर बड़ा भाई शिवम (17) दौड़कर मौके पर पहुंचा और रोहित को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन वह खुद भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों भाइयों को करंट में फंसा देख परिवार में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों की मदद से किसी तरह दोनों को अलग करने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद शिवम को तो बचा लिया गया, लेकिन तब तक रोहित लंबे समय तक करंट की चपेट में रहने से अचेत हो चुका था।

गंभीर हालत में रोहित को तत्काल उपचार के लिए फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, झुलसे हुए शिवम का उपचार जारी है। मृतक रोहित अपने परिवार में छोटे भाई थे। बड़े भाई शिवम के अलावा एक बहन शिवांगी है, जिसकी शादी हो चुकी है। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां कुंती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं। वहीं, लोगों के बीच इस दुखद घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। बताया गया है कि इस हादसे की सूचना न तो विद्युत विभाग को दी गई और न ही पुलिस को। परिजनों के अनुसार, यह एक आकस्मिक घटना थी। बिजली बोर्ड में आई तकनीकी खराबी को ठीक करते समय रोहित करंट की चपेट में आ गया और असमय काल का शिकार हो गया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article