ललितपुर जिले के ग्राम पुलवारा में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक किशोरी थ्रेसर मशीन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। घायल बच्ची को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, थाना बार क्षेत्र के ग्राम पुलवारा निवासी 10 वर्षीय रिंकी, पुत्री जमना कुशवाहा, अपने माता-पिता के साथ खेत में गेहूं की थ्रेसिंग के काम में मदद कर रही थी। वह थ्रेसर से निकल रहे गेहूं को तसले में भर रही थी। इसी दौरान उसके सिर पर बंधा दुपट्टा अचानक थ्रेसर के पट्टे में फंस गया, जिससे वह मशीन की चपेट में आ गई।
घटना होते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल ट्रैक्टर को बंद किया और बच्ची को बाहर निकाला। उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे ललितपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
ललितपुर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने बच्ची की स्थिति को नाजुक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भेज दिया। फिलहाल उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि घायल बच्ची के पिता ठेके पर खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है। इस हादसे के बाद परिवार गहरे सदमे में है, वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मदद की मांग की है।


