20 C
Lucknow
Sunday, February 8, 2026

किशोरी रहस्यमय हालात में लापता, नगदी व जेवर भी गायब, दो युवकों पर मुकदमा दर्ज

Must read

कंपिल: कंपिल थाना क्षेत्र के एक गांव से 17 वर्षीय किशोरी (Teenage girl) के लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार किशोरी के साथ-साथ घर में रखी लगभग एक लाख रुपये की नगदी और जेवरात (cash and jewellery) भी गायब हैं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित महिला ने थाना कंपिल में दी गई तहरीर में बताया कि दो दिन पूर्व वह खाना खाने के बाद अपनी सत्रह वर्षीय बेटी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कमरे में सो गई थी। सुबह जब परिजन जागे तो किशोरी कमरे में नहीं मिली। कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और अलमारी में रखी नगदी व जेवरात भी गायब थे।

परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारी में किशोरी की काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर रविवार दोपहर गांव के ही दो युवकों तहमुल और साहिल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इस संबंध में थाना प्रभारी नितिन कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और किशोरी की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article