तौकीर रजा के करीबी पर प्रशासन का बड़ा एक्शन: बरेली में कॉलोनाइज़र मोहम्मद आरिफ की दो अवैध संपत्तियों पर चला बुलडोज़र

0
26

बरेली| 26 सितंबर को हुए बवाल के साजिशकर्ता मौलाना तौकीर रजा के जेल जाने के बाद अब प्रशासन ने उसके करीबियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार सुबह बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने तौकीर रजा के करीबी कॉलोनाइज़र मोहम्मद आरिफ की दो बड़ी अवैध संपत्तियों पर बुलडोज़र की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई सुबह करीब 11 बजे पीलीभीत बाईपास रोड और जगतपुर क्षेत्र में एक साथ शुरू की गई।

ध्वस्तीकरण से पहले बारादरी थाना पुलिस ने पूरे इलाके को चारों ओर से घेर लिया। सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में आसपास के थानों की फोर्स मौके पर तैनात की गई। सीओ ने माइक से ऐलान कर लोगों को दूर रहने का निर्देश दिया ताकि कोई अव्यवस्था न हो।

बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन के अनुसार, आरिफ ने जगतपुर में अवैध रूप से दो मंजिला मार्केट और पीलीभीत बाईपास पर कपड़ों के शोरूम का निर्माण कराया था। इन परिसरों में जिम, होम डेकोर सेंटर सहित कई दुकानें चल रही थीं। जांच में निर्माण अवैध पाया गया, जिसके बाद बीडीए ने 11 अक्टूबर को दोनों परिसरों को सील कर दिया था। शनिवार को बीडीए ने कुल 15 दुकानों और दो बड़े शोरूम को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। टीम ने पिछले हिस्से से बुलडोज़र चलाना शुरू किया, जिसके बाद जेसीबी की एक-एक चोट पर दीवारें ढहती चली गईं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और बड़ी संख्या में लोग तमाशबीन के रूप में जुटे हैं।

जगतपुर मार्केट में आरिफ ने करीब तीन साल पहले अवैध दो मंजिला भवन बनाकर कई दुकानें 30–30 लाख रुपये में बेची थीं। जो दुकानें नहीं बिक सकीं थीं, उन्हें किराये पर देकर प्रति माह 8–9 हजार रुपये किराया वसूल रहा था। 11 अक्टूबर को जब सीलिंग हुई थी, तब कई दुकानदारों ने शिकायत की थी कि उन्हें अपना सामान तक निकालने का मौका नहीं मिला, जबकि उन्होंने दुकानें आरिफ से ही खरीदी थीं।

पीलीभीत रोड स्थित उसके व्यापारिक भवन के भूतल पर जाहिद हुसैन की फर्नीचर की दुकान चल रही थी। यह भवन सात–आठ वर्ष पहले बिना किसी मानचित्र स्वीकृति के बनाया गया था। शनिवार को इस भवन पर भी बुलडोज़र की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए पूरे मार्ग पर यातायात बंद कर दिया और आसपास की बिजली सप्लाई भी एहतियातन रोक दी है।

कार्रवाई जारी है और बीडीए जल्द ही आरिफ की शेष अवैध संपत्तियों पर भी आगे की कार्रवाई कर सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here