कानपुर। कानपुर मेट्रो परियोजना के कॉरिडोर-2 पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। रावतपुर से डबल पुलिया तक डाउनलाइन टनल का निर्माण कार्य पूरी तरह से पूरा कर लिया गया है। इस कॉरिडोर की कुल लंबाई 8.60 किलोमीटर है, जिसमें से 4.10 किलोमीटर हिस्सा भूमिगत बनाया गया है। डाउनलाइन टनल का निर्माण अत्याधुनिक तकनीक से गोमती टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) के जरिए किया गया है।
मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले इसी रूट पर कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक अप-लाइन पर सफल टेस्ट रन किया जा चुका है। डाउनलाइन टनल के निर्माण के पूरा होने के बाद अब कॉरिडोर-2 के पूरे संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ गया है। यह रूट शुरू होने के बाद दक्षिण कानपुर की लगभग 10 लाख आबादी को सीधे उत्तर कानपुर से जोड़ेगा, जिससे यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
बताया गया है कि इस रूट पर अंडरग्राउंड और एलिवेटेड दोनों तरह के स्टेशनों पर ट्रेनों का परीक्षण किया गया है। अंडरग्राउंड स्टेशनों में झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर शामिल हैं, जबकि एलिवेटेड स्टेशनों में बारादेवी, किदवई नगर, बसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता स्टेशनों पर टेस्ट रन किया गया। ट्रायल के दौरान ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई।
मेट्रो प्रशासन का कहना है कि अब अगला अहम चरण मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) से मंजूरी प्राप्त करने का है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद डेढ़ से दो महीने के भीतर इस रूट को यात्रियों के लिए खोलने की उम्मीद है। इसके शुरू होने से न सिर्फ दक्षिण और उत्तर कानपुर के बीच दूरी कम होगी, बल्कि शहर में ट्रैफिक दबाव भी घटेगा और आम लोगों को तेज, सुरक्षित व सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here