36.6 C
Lucknow
Friday, March 13, 2026

स्वर्गधाम सेवा दल की बैठक संपन्न, अवैध वसूली रोकने और सुविधाएं बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय

Must read

फर्रुखाबाद। रविवार 8 मार्च को स्वर्गधाम सेवा दल की महत्वपूर्ण बैठक स्वर्गधाम स्थित पार्क में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता आचार्य अमरीश जी महाराज ने की। बैठक में स्वर्गधाम घाट की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, अवैध वसूली पर रोक लगाने और आने वाले समय में जनसहयोग से विभिन्न सुविधाएं विकसित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए फर्रुखाबाद विकास मंच के जिलाध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि सभी लोगों के सहयोग से स्वर्गधाम घाट पर फैल रही अराजकता, अवैध वसूली और गंदगी पर लगभग पूरी तरह रोक लगा दी गई है। स्वर्गधाम सेवा दल की टीम लगातार घाट को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और बरसात के मौसम में घाट पर आने वाले लोगों के बैठने की बड़ी समस्या होती है। इस समस्या के समाधान के लिए एक बड़े हाल के निर्माण की आवश्यकता है, जिसमें कम से कम 1000 लोग बैठ सकें। उन्होंने बताया कि इस हाल का निर्माण जन सहयोग से कराया जाएगा। पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा भी इसे बनवाने की बात कही गई थी, लेकिन अभी तक कोई कार्य शुरू नहीं हुआ।

भईयन मिश्रा ने कहा कि स्थानीय विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी द्वारा भी कई कार्य कराने की घोषणाएं की गई थीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्य नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि स्वर्गधाम किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे समाज का है, लेकिन जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण यहां अपेक्षित विकास नहीं हो पाया। यदि सांसद, विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष चाहें तो स्वर्गधाम की पूरी तस्वीर बदली जा सकती है।

बैठक में वरिष्ठ सदस्य सत्यपाल सिंह प्रगल्भ ने स्वर्गधाम पर रंगाई-पुताई कराने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। निर्णय लिया गया कि जल्द ही दीवारों पर रंगाई-पुताई कराकर गीता और अन्य प्रेरणादायक उपदेश लिखवाए जाएंगे।

वहीं अनिल द्विवेदी ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए घाट पर ठंडे पेयजल की व्यवस्था के लिए वाटर कूलर लगाने का प्रस्ताव रखा, जिसे भी सर्वसम्मति से पास किया गया। यह व्यवस्था भी जनसहयोग से की जाएगी।

राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष अंगद पांडे उर्फ कोमल ने सुझाव दिया कि दाह संस्कार प्रमाण पत्र जारी करते समय गवाहों से घोषणा पत्र लिया जाए और उसकी डिजिटल रिकॉर्डिंग रखी जाए। उन्होंने कहा कि गवाहों के फोटो आदि की व्यवस्था घाट पर ही की जानी चाहिए, ताकि कोई भी गलत व्यक्ति प्रमाण पत्र न बनवा सके।

बैठक के दौरान घाट की साफ-सफाई को लेकर भी चर्चा हुई। स्वर्गधाम सेवा दल की टीम ने घाट के उत्तर दिशा में मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि ढाई सौ रुपए से अधिक किसी भी अंतिम संस्कार करने वाले व्यक्ति से न लिए जाएं। चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा अवैध वसूली की शिकायत मिली तो संबंधित लोगों को घाट से हटा दिया जाएगा।

सेवा दल के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि घाट पर किसी भी प्रकार की अराजकता और अवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जल्द ही स्वर्गधाम सेवा दल के कार्यकर्ता घाट की व्यवस्थाओं को अपने हाथों में लेकर व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करेंगे।

बैठक में प्रमुख रूप से दिनेश राजपूत, स्वामी उमेश आनंद भारती, श्यामेंद्र दुबे, नीरज, अनिल द्विवेदी, विष्णु मिश्रा, पंकज राठौर, कुलदीप कुमार, अजय कुमार, रवि सक्सेना, रामदास गुप्ता, सौरभ पांडे, बाबू भाई, राजीव वर्मा, ओम निवास पाठक, आलोक मिश्रा, भरे नीलू पाल, सूरत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article