फर्रुखाबाद। नगर में विद्या भारती द्वारा संचालित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज श्यामनगर, फर्रुखाबाद में ‘परीक्षा पर चर्चा–2026’ विषय पर एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के छात्र–छात्राओं को बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर तैयारी, तनावमुक्त अध्ययन और उच्च अंक प्राप्त करने के व्यावहारिक सुझाव दिए गए।
कार्यशाला का शुभारंभ माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के पूर्व सचिव एवं विद्या भारती के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिव्यकांत शुक्ल, संगठन मंत्री रजनीश पाठक , प्रदेश निरीक्षक अयोध्या प्रसाद मिश्र , विद्यालय व्यवस्थापक गौरव अग्रवाल, राजेन्द्र त्रिपाठी , प्रधानाचार्य रामकृष्ण बाजपेई, नारायण मिश्रा एवं ओमप्रकाश शुक्ल द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता श्दिव्यकांत शुक्ल ने ‘परीक्षा पर चर्चा–2026’ विषय पर छात्रों से संवादात्मक शैली में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में सफलता के लिए सुनियोजित योजना, अनुशासित समय सारिणी और निरंतर अभ्यास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे प्रत्येक विषय के पिछले दस वर्षों के प्रश्नपत्रों के सभी सेट निर्धारित समय में हल करने का अभ्यास अवश्य करें।
उन्होंने परीक्षा कक्ष में उत्तर लिखने की कला पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मूल्यांकन का प्रमुख आधार प्रस्तुतीकरण होता है। उत्तरों को साफ-सुथरे ढंग से, आवश्यकतानुसार डायग्राम व चित्र बनाकर लिखने से अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकते हैं। साथ ही उन्होंने परीक्षा के दौरान तनाव से मुक्त रहकर आत्मविश्वास के साथ प्रश्नपत्र हल करने की प्रेरणा दी। सभी विषयों पर उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के उपरांत सभी अतिथियों द्वारा विद्यालय के नवनिर्मित आधुनिक क्रीड़ाकक्ष का उद्घाटन भी किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उन्नति ही नहीं, बल्कि खेलों के माध्यम से छात्रों का मानसिक, शारीरिक एवं आध्यात्मिक विकास करना भी है।
कार्यक्रम का सफल संचालन आचार्य चंदनलाल मिश्रा द्वारा किया गया। कार्यशाला को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त आचार्यगण एवं आचार्या बहिनों का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Home ताज़ा खबरें सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज श्यामनगर में ‘परीक्षा पर चर्चा–2026’ कार्यशाला संपन्न,...





