फर्रुखाबाद। अमृतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पिथनापुर में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक नवयुवक का शव गांव के बाहर नीम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। नवयुवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय संदीप पुत्र राजवीर निवासी ग्राम पिथनापुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार संदीप अपने माता-पिता का दूसरा पुत्र था और घर में किसी को इस बात की भनक तक नहीं थी कि वह ऐसा खौफनाक कदम उठा लेगा। मृतक की मां गायत्री देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि संदीप सामान्य व्यवहार कर रहा था और आत्महत्या करने जैसी किसी बात का अंदेशा नहीं था।
ग्रामीणों के अनुसार सुबह कुछ लोगों ने नीम के पेड़ से शव लटका देखा, जिसके बाद तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने जब संदीप को इस हालत में देखा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की बहन लकी और भाई शिवा का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
सूत्रों के मुताबिक संदीप के पास से उसका मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसमें एक युवती की फोटो मिली है। इसके अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक खाता पासबुक भी मौके पर पाई गई है। इन तथ्यों के आधार पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की चर्चा गांव में तेजी से फैल गई है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना पर हल्का इंचार्ज उपनिरीक्षक कल्लू सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here