फतेहपुर। एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आत्महत्या से पहले युवक ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट और वीडियो साझा किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पोस्ट में उसने अपने प्रेम संबंध और उस पर बने दबाव का जिक्र किया है।
जानकारी के मुताबिक, नयन और अदीबा पिछले तीन वर्षों से रिश्ते में थे और दोनों शादी करना चाहते थे। युवक के पोस्ट के अनुसार, जब इस लव स्टोरी की जानकारी अदीबा के अब्बा और भाई को हुई, तो उन्होंने दोनों को अलग कर दिया।
युवक ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और अदीबा से दूर रहने का दबाव बनाया गया। इसी मानसिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया।
सुसाइड से पहले वीडियो
बताया जा रहा है कि नयन ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें उसने अपनी आपबीती बताई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो को साक्ष्य के रूप में संज्ञान में लिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पूरे प्रकरण की कानूनी जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला एक बार फिर बताता है कि पारिवारिक दबाव और सामाजिक टकराव किस तरह युवाओं को मानसिक रूप से तोड़ सकते हैं। पुलिस का कहना है कि तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





