25.4 C
Lucknow
Tuesday, March 10, 2026

सुजानपुर की प्रधान हेमलता पटेल राष्ट्रीय पंचायत सम्मेलन में होंगी विशिष्ट अतिथि

Must read

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के विकास खंड बहुआ की ग्राम पंचायत सुजानपुर की प्रधान और गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। उन्हें भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा 11 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘राष्ट्रीय सशक्त नेत्री पंचायत सम्मेलन’ में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है।

इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में हेमलता पटेल की सफलता और कार्यों की कहानी देश भर से आए प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत की जाएगी। उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें यह सम्मानजनक अवसर दिया गया है। इससे पहले भी उन्हें प्रदेश की राजधानी लखनऊ और देश की राजधानी दिल्ली में कई मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है।

हेमलता पटेल की प्रशासनिक क्षमता और ग्रामीण विकास के प्रति उनके समर्पण के कारण उन्हें विभाग की ‘ड्रीम टीम’ में भी शामिल किया गया है। सम्मेलन के दौरान सुजानपुर ग्राम पंचायत के विकास मॉडल और उनके संघर्ष व सफलता की कहानी को बड़ी स्क्रीन पर प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि अन्य प्रतिनिधि भी उससे प्रेरणा ले सकें।

भारत सरकार के ‘सशक्त पंचायत नेत्री अभियान’ के तहत आयोजित इस सम्मेलन में तेलियानी ब्लॉक की मिश्रामऊ ग्राम प्रधान बीनू देवी भी प्रतिभाग करेंगी। हेमलता पटेल ने इस अवसर पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि सुजानपुर पंचायत, क्षेत्र और पूरे फतेहपुर जिले का गौरव है। उन्होंने कहा कि आगे भी वे गांव के विकास और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य करती रहेंगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article