18.3 C
Lucknow
Sunday, March 1, 2026

राजपूताना पब्लिक स्कूल में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत स्काउट एवं गाइड दीक्षा कार्यक्रम का सफल आयोजन

Must read

फर्रुखाबाद: राजपूताना पब्लिक स्कूल (Rajputana Public School) जहानगंज रोड बघार, फर्रूखाबाद में मिशन शक्ति (Mission Shakti) 5.0 के अंतर्गत स्काउट एवं गाइड “दीक्षा कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला स्काउट मास्टर सुधीर कुशवाहा, मोहम्मदाबाद के स्काउट मास्टर अनुराग चतुर्वेदी, श्रीमती सीमा (गाइड कैप्टन, फर्रूखाबाद सिटी) के पर्यवेक्षण में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि किशोर न्याय बोर्ड, फर्रूखाबाद की सदस्य श्रीमती सुमन राठौर रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा स्काउट–गाइड ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसमें विद्यार्थियों का उत्साह देखने योग्य था। इस अवसर पर 154 स्काउट्स एवं गाइड्स ने दीक्षा प्राप्त की, साथ ही सैकड़ों अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम मिशन शक्ति 5.0 के उद्देश्य—बालिकाओं को सम्मान देना एवं नारी शक्ति का उत्सव—को समर्पित रहा।

मुख्य अतिथि श्रीमती सुमन राठौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सदैव सही पथ पर चलने, अपनी संगति को सोच-समझकर चुनने तथा अपने नैतिक मूल्यों को उच्च रखने की प्रेरणा दी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य हिरदेश कुमार सिंह ने सभी अतिथियों को मिशन शक्ति 5.0 का स्मृति–चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा “प्रत्येक दिन एक अच्छी आदत अपनाने” के संकल्प की प्रशंसा की तथा आश्वस्त किया कि विद्यालय में ऐसे कई कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे विद्यार्थियों में नैतिक कर्तव्यों एवं सामाजिक–राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूकता बनी रहे।

विद्यालय प्रबंधक संदीप सिंह राठौर ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी आयोजकों को बधाई दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशासक मोहम्मद अरशद, समन्वयक महिमा सिंह, ताइक्वांडो प्रशिक्षक दीपांजली, विद्यालय की गाइड मास्टर श्रीमती कोमल, स्काउट मास्टर देवेंद्र सिंह तथा अन्य सभी प्रभारी शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन एवं नारी सशक्तिकरण के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article