ललितपुर जिले में शनिवार को उत्तर प्रदेश उप निरीक्षक परीक्षा-2026 शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई। जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर कुल 4800 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1732 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। प्रथम पाली में पंजीकृत 2400 परीक्षार्थियों में से 1520 उपस्थित रहे, जबकि 880 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। वहीं द्वितीय पाली में 2400 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 1548 परीक्षार्थी उपस्थित हुए और 852 अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी।
परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ललितपुर रेलवे स्टेशन से झांसी के लिए दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। पहली ट्रेन दोपहर 1:30 बजे झांसी के लिए रवाना हुई, जबकि दूसरी ट्रेन शाम 6 बजे के बाद प्रस्थान की, जिससे परीक्षार्थियों को आवागमन में सहूलियत मिल सके।
परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी सत्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नेहरू महाविद्यालय भाग-1 व 2, रघुवीर सिंह महाविद्यालय, नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज, पीएन इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और वर्णी जैन इंटर कॉलेज सहित सभी केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा की गतिविधियों की भी लगातार निगरानी की गई।


