हापुड़। जनपद के पिलखुआ क्षेत्र में लापरवाही और कानून की खुली धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है, जहां आधा दर्जन युवकों ने चलती थार कार पर चढ़कर खतरनाक स्टंटबाजी की। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि लखनऊ नंबर की थार गाड़ी पर सवार युवक न सिर्फ सड़क पर तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ा रहे थे, बल्कि गाड़ी की छत और बोनट पर चढ़कर जानलेवा करतब भी दिखा रहे थे। स्टंट के दौरान युवकों ने अपनी और दूसरों की जान को जोखिम में डाल दिया।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक बिना किसी डर के खुलेआम नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
मामले के संज्ञान में आते ही पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान शुरू कर दी है। वाहन नंबर के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की स्टंटबाजी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के चक्कर में अपनी और दूसरों की जिंदगी से खिलवाड़ न करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
थार पर चढ़कर स्टंटबाजी, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप


