देवेश कुशवाहा फिरोजाबाद
फिरोजाबाद, 18 मार्च। जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस एक्शन मोड में नजर आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान पूरे शहर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसा।
कार्रवाई के दौरान कुल 1005 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 2 वाहनों को सीज कर दिया गया। इस सख्ती से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कई स्थानों पर लोग नियमों का पालन करते नजर आए।
यातायात पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जागरूकता अभियान भी चलाया गया, जिसमें लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई और हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस की अपील:
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, तेज गति से वाहन न चलाएं, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचें और अपनी व दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें।


