20.3 C
Lucknow
Thursday, February 26, 2026

मेला रामनगरिया में श्रद्धालुओं को भ्रमित करने वालों पर सख्ती, यातायात प्रभारी ने चलाया जागरूकता अभियान

Must read

श्रद्धालुओं से किराए के नाम पर अवैध वसूली करने वालों पर होगी कार्रवाई: सत्येंद्र कुमार

फर्रुखाबाद: मेला रामनगरिया (Ramnagariya Mela) में हर वर्ष कई जनपदों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु (devotees) पहुंचकर गंगा स्नान करते हैं और मेले का आनंद उठाते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और उनके साथ किसी भी प्रकार की ठगी या भ्रम की स्थिति न बने, इसके लिए यातायात पुलिस द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने मेला क्षेत्र में एक विशेष अभियान चलाया।

अभियान के दौरान उन्होंने ई-रिक्शा और टेंपो चालकों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी श्रद्धालु से अवैध रूप से अधिक किराया न लिया जाए। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को सीधे और सही रास्ते से मेला रामनगरिया तक पहुंचाया जाए, न कि उन्हें गुमराह कर टेढ़े-मेढ़े रास्तों से घुमाते हुए पांचाल घाट या अन्य स्थानों पर ले जाया जाए। यातायात प्रभारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसी चालक द्वारा श्रद्धालुओं को भ्रमित करने, गलत रास्ते से ले जाने या तय से अधिक किराया वसूलने की शिकायत मिली, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी वाहन चालक शालीन व्यवहार रखें और मेला प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट और किराया व्यवस्था का पालन करें। अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने चालकों को यह समझाया कि मेला धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ आयोजन है, जहां दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु पहले से ही रास्तों से अनजान होते हैं। ऐसे में उनकी मदद करना वाहन चालकों की जिम्मेदारी है, न कि उनका शोषण करना।

यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मेला अवधि के दौरान लगातार निगरानी रखी जाएगी और अलग-अलग स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। साथ ही श्रद्धालुओं से भी अपील की गई कि यदि कोई चालक अधिक किराया मांगता है या गलत रास्ते से ले जाता है, तो तुरंत पुलिस या मेला कंट्रोल रूम को सूचना दें। इस अभियान से श्रद्धालुओं में राहत का माहौल है और मेला प्रशासन को उम्मीद है कि इससे मेला रामनगरिया में यातायात व्यवस्था सुचारू रहेगी तथा श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के गंगा स्नान और मेले का आनंद उठा सकेंगे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article