बरेली. सीबीगंज क्षेत्र में नगर निगम ने अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। रामपुर रोड पर नगर निगम की जमीन पर बनाए गए अवैध दुकानों को लेकर अतिक्रमणकारियों को अंतिम नोटिस जारी किया गया है। स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि सात दिन के भीतर कब्जा नहीं हटाया गया, तो नगर निगम की टीम बुलडोजर चलाकर इन निर्माणों को ध्वस्त करेगी।
नगर निगम के संपत्ति अधिकारी द्वारा जारी नोटिस में बताया गया है कि गाटा संख्या 128 की भूमि पर राजस्व अभिलेखों के अनुसार 55 मीटर चौड़ाई निर्धारित है। जांच में पाया गया कि कुछ लोगों ने टिनशेड और अन्य निर्माण कर सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है। पूर्व में नोटिस देने के बावजूद केवल आंशिक अतिक्रमण हटाया गया, जबकि स्थायी कब्जा अब भी बरकरार है।
कार्रवाई की जद में कई लोग आए हैं, जिनमें आयुष गुप्ता, अमित गुप्ता, सौरभ गुप्ता और गौरव गुप्ता सहित अन्य शामिल हैं। आरोप है कि इन लोगों ने टिनशेड, लोहे की सीढ़ियां और अन्य निर्माण कर सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
इसके अलावा खलीलपुर रोड पर बने करीब 300 मकानों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। नगर निगम बरेली की टीम पहले ही इन मकानों पर लाल निशान लगाकर नोटिस दे चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। मंगलवार को टीम ने फिर मौके पर पहुंचकर नापजोख की और लोगों से जमीन से जुड़े दस्तावेज मांगे।
रामपुर रोड के चौड़ीकरण कार्य में यह अतिक्रमण बड़ी बाधा बन रहा है। प्रशासन का कहना है कि विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए अवैध कब्जों को हटाना जरूरी है। इसी उद्देश्य से यह सख्त कार्रवाई की जा रही है।
नगर निगम ने गुप्ता मेडिकल स्टोर, माहेश्वरी मेडिकल स्टोर, ओंकारेश्वर भोजनालय, आहूजा साइकिल स्टोर और प्रगति मेडिकल स्टोर समेत कई प्रतिष्ठानों को भी नोटिस जारी किए हैं। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि यदि तय समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो सभी अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।


