25.2 C
Lucknow
Monday, March 16, 2026

आवारा कुत्तों का हमला: खेल रहे चार वर्षीय मासूम को झुंड ने घेरा, हालत नाजुक

Must read

 

बरेली। जिले के नवाबगंज क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले की एक और गंभीर घटना सामने आई है। यहां कुत्तों के झुंड ने चार साल के एक मासूम पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिल रहा है।

जानकारी के अनुसार क्योलड़िया थाना क्षेत्र के अंबरपुर गांव निवासी टिंकू अपने परिवार के साथ नवाबगंज थाना क्षेत्र के सतुईया गांव में स्थित एक मुर्गी फार्म पर मजदूरी करते हैं। उनका चार वर्षीय बेटा बासू रविवार को फार्म के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वहां घूम रहे आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह घायल कर दिया।

हमले में बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजन तुरंत उसे उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे बरेली के बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल मासूम का इलाज चल रहा है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

घटना के बाद सोमवार को बच्चे के पिता टिंकू अपने परिजनों के साथ उपजिलाधिकारी उदित पंवार और क्षेत्रीय विधायक डॉ. एमपी आर्य से मिले। उन्होंने प्रशासन से मामले में कार्रवाई करने और क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या से निजात दिलाने की मांग की।

उपजिलाधिकारी उदित पंवार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित विभाग को जांच के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पीड़ित परिवार को शासन की विवेकाधीन निधि से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि मुर्गी फार्म के आसपास अक्सर आवारा कुत्ते मंडराते रहते हैं। फार्म में मरने वाली मुर्गियों और गांव में मरे पशुओं के अवशेष खाने के कारण कुत्ते आक्रामक हो जाते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article