फर्रुखाबाद। पांचाल घाट पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक एवं धार्मिक आस्था के प्रतीक ‘श्री रामनगरिया मेला’ की भव्य शुरुआत के साथ ही जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, गंगा स्नान और मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से 3 जनवरी से 1 फरवरी 2025 तक शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक रूट डायवर्जन योजना लागू की गई है।

पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट निर्देशों के बाद यातायात पुलिस द्वारा यह निर्णय लिया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

मेले की अवधि के दौरान ट्रक, डंपर, टैंकर जैसे भारी मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इनके लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं—

कानपुर/कन्नौज मार्ग से आने वाले भारी वाहन जिला जेल क्रॉसिंग से सेंट्रल जेल की ओर मोड़ दिए जाएंगे।

शाहजहांपुर मार्ग से जलालाबाद की ओर से आने वाले वाहन डबरी तिराहा से अमृतपुर होते हुए बरेली मार्ग की ओर भेजे जाएंगे।

बेवर/मैनपुरी मार्ग से आने वाले वाहनों को बेवर से सेंट्रल जेल, आईटीआई चौराहा होते हुए शमशाबाद मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य शहर के मुख्य मार्गों को भारी वाहनों से मुक्त रखना है।

गंगा स्नान एवं मेला दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के छोटे वाहनों हेतु रूटवार अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं—

बरेली-बदायूं मार्ग से आने वाले वाहनों की पार्किंग वन चेतना परिसर में की जाएगी।इटावा-छिबरामऊ मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन राधा रानी अस्पताल परिसर में खड़े कराए जाएंगे।नवाबगंज, लाल गेट और लकूला रोड से आने वाले वाहनों के लिए मालती गार्डन को पार्किंग स्थल बनाया गया है।आर्मी कैंट मार्ग से मिलिट्री चौराहा होकर आने वाले वाहनों की पार्किंग सोनू टाल के समीप निर्धारित की गई है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन और पार्किंग स्थलों का पालन करें, अनावश्यक रूप से मुख्य मार्गों पर वाहन न खड़ा करें तथा यातायात पुलिस का सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here