– 22 मार्च को कर सकते हैं बड़ा ऐलान
मेरठ।
केसी त्यागी के अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, वह 22 मार्च को दिल्ली में जयंत चौधरी की मौजूदगी में राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) की सदस्यता ले सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
दैनिक भास्कर से बातचीत में केसी त्यागी ने कहा कि वह अपने आगामी राजनीतिक सफर को लेकर विचार कर रहे हैं और फिलहाल कोई अंतिम निर्णय सार्वजनिक नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टिकट और चुनाव से जुड़े फैसले बाद में लिए जाएंगे।
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत 17 मार्च को उस समय हुई, जब त्यागी ने एक पत्र जारी कर 22 मार्च को दिल्ली के मालवांकर हॉल में अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा खुलासा करने की बात कही। पत्र में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, बाबा भीमराव आंबेडकर और कर्पूरी ठाकुर का उल्लेख किया, जिसे राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
इसी बीच, केसी त्यागी द्वारा जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता आगे न बढ़ाने से यह अटकलें और तेज हो गई हैं कि वह पार्टी से दूरी बना रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि त्यागी पहले भी जयंत चौधरी की तारीफ कर चुके हैं और उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में आगे बढ़ने के लिए हर दल को रालोद की जरूरत है।
यह भी माना जा रहा है कि केसी त्यागी अपने बेटे के लिए राजनीतिक जमीन तैयार करने की रणनीति के तहत नया कदम उठा सकते हैं। अब सभी की नजरें 22 मार्च पर टिकी हैं, जब वह अपने अगले राजनीतिक कदम का औपचारिक ऐलान कर सकते हैं।


