क्रासर
हादसों को रोकने के लिए हाईवे पर लगाकर साइन बोर्ड, रखे गए ड्रम
फर्रुखाबाद। जनपद में बढ़ते सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए फतेहगढ़ पुलिस ने बड़े स्तर पर विशेष अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के नेतृत्व में थाना स्तर से लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयास तेज हो गए हैं।
इटावा-बरेली नेशनल हाईवे पर हादसों को रोकने के उद्देश्य से थाना राजेपुर पुलिस ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। यहां दुर्घटना संभावित स्थलों पर साइन बोर्ड लगवाए गए हैं, जिगजैग ड्रम रखवाए गए हैं और यातायात को नियंत्रित करने के लिए अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। इससे वाहन चालकों को सतर्क रहने में मदद मिल रही है।
वहीं थाना अमृतपुर क्षेत्र में कस्बा इलाके में दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा स्पीड टेबल का निर्माण कराया गया है। इन स्थानों पर पुलिस की नियमित तैनाती भी सुनिश्चित की गई है, जिससे नियमों का पालन कराया जा सके।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह स्वयं दुर्घटना बाहुल्य थानों की समीक्षा कर रही हैं और थाना प्रभारियों को लगातार अभियान चलाने के निर्देश दे रही हैं। भारत सरकार के “जीरो फेटलिटी डिस्ट्रिक्ट” प्रोग्राम के तहत भी सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के तहत आम जनता को जागरूक करने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। खास बात यह है कि एसपी के निर्देश पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले पुलिस कर्मियों के भी चालान किए जा रहे हैं, जिससे अनुशासन का स्पष्ट संदेश दिया जा सके।
एसपी आरती सिंह ने जनता से अपील करते हुए कहा है कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाएं, स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
फतेहगढ़ पुलिस, एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी सहित विभिन्न विभागों के समन्वय से यह अभियान संचालित किया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि इन प्रयासों से आने वाले समय में सड़क हादसों में निश्चित रूप से कमी आएगी।
एसपी आरती सिंह के नेतृत्व में सड़क हादसों पर सख्ती, फतेहगढ़ पुलिस का बड़ा अभियान जारी


