इटावा: मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान (list revision drive) में कथित अनियमितताओं को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को इटावा तहसील का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में फर्जी तरीके से फॉर्म सात भरकर मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता का भाजपा सरकार से मोह भंग हो चुका है, इसी डर के कारण भाजपा मतदाता सूची में गड़बड़ी कराकर पीडीए वर्ग को निशाना बना रही है। उनका कहना था कि मुस्लिम, पिछड़े और दलित वर्ग के मतदाताओं के नाम जानबूझकर काटने का षड्यंत्र रचा जा रहा है, जिसे समाजवादी पार्टी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
सपा नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और इसमें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ सीधे तौर पर लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है। यदि समय रहते इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो समाजवादी पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगी।
नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मतदाता सूची में हो रही कथित गड़बड़ियां नहीं रोकी गईं, तो पार्टी ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू करने से पीछे नहीं हटेगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते नजर आए।


