24.1 C
Lucknow
Sunday, March 15, 2026

एसपी ओमप्रकाश सिंह ने संभाला कार्यभार, कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने पर रहेगा विशेष जोर

Must read

कासगंज: पुलिस प्रशासन को नया नेतृत्व मिल गया है। लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय के लॉजिस्टिक्स विभाग से स्थानांतरित होकर आए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने शनिवार देर शाम जिले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में अपना कार्यभार विधिवत ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने सबसे पहले पुलिस कार्यालय पहुंचकर वहां के विभिन्न शाखाओं और विभागों का निरीक्षण किया तथा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए विभागीय कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली।

पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद स्पष्ट कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि आम नागरिकों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि थानों पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण किया जाए, ताकि जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो सके।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस कार्यालय के सभी महत्वपूर्ण विभागों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों और लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस को और अधिक सक्रिय तथा सजग रहना होगा। क्षेत्र में होने वाली छोटी से छोटी घटनाओं पर भी नजर रखी जाए और अपराधियों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई की जाए, जिससे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को पनपने का अवसर न मिले।

उन्होंने यह भी कहा कि पुलिसिंग को और अधिक पारदर्शी और जनहितकारी बनाया जाएगा। इसके लिए पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कार्यभार ग्रहण के दौरान पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर अंचल चौहान सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने नए पुलिस अधीक्षक का स्वागत करते हुए जिले में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। नए एसपी के कार्यभार संभालने के बाद पुलिस विभाग में भी नई ऊर्जा और सक्रियता देखने को मिल रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article