मैनपुरी। महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जनपद पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने कांवड़ मार्ग एवं विभिन्न सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने जनपद की सीमा पर स्थित फर्रुखाबाद बॉर्डर (काली नदी) के पास थाना बेवर क्षेत्र की पुलिस चौकी का निरीक्षण किया। यह मार्ग सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी रास्ते से फर्रुखाबाद स्थित गंगा जी में जल भरने के लिए जाते हैं। एसपी ने मार्ग की स्थिति, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए और अराजक तत्वों पर पैनी नजर बनाए रखी जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी भोगांव श्री रामकृष्ण द्विवेदी, थाना बेवर प्रभारी निरीक्षक श्री अनिल कुमार सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने एसपी को सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत जानकारी भी दी।
एसपी श्री गणेश प्रसाद साहा ने कहा कि महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात की सुगमता पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पर्व के दौरान कांवड़ मार्ग की लगातार निगरानी की जाएगी और आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हो सके।


