पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने साप्ताहिक शुक्रवार परेड की ली सलामी, पुलिस कर्मियों को फिटनेस व अनुशासन का दिया संदेश

0
38

फर्रुखाबाद। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा शुक्रवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी ली गई। परेड के दौरान पुलिस विभाग के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, यातायात शाखा के पुलिसकर्मी, पुलिस लाइन में नियुक्त कर्मचारी तथा नवचयनित रिक्रूट आरक्षी पूरे जोश और अनुशासन के साथ मौजूद रहे।
परेड के दौरान पुलिस कर्मियों की शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस बनाए रखने के उद्देश्य से दौड़ कराई गई। इस दौरान सभी जवानों में उत्साह देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं निरीक्षण कर जवानों की परेड, ड्रिल और अनुशासन का बारीकी से अवलोकन किया।
वहीं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नवचयनित आरक्षीगण की पीटी एवं परेड का विशेष निरीक्षण किया गया। उन्हें अनुशासन, समयपालन, ड्यूटी के प्रति निष्ठा तथा आम जनता के साथ शालीन व्यवहार रखने के सख्त निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि पुलिस बल की असली ताकत उसका अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा होती है, जिसे हर हाल में बनाए रखना जरूरी है।
परेड निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा डायल-112, मेस, परिवहन शाखा, बैरक, क्वार्टर गार्ड सहित अन्य अहम व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, रख-रखाव, भोजन की गुणवत्ता, वाहनों की स्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित प्रभारी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत भी दी गई।
एसपी आरती सिंह ने कहा कि पुलिस कर्मियों की बेहतर फिटनेस, अनुशासन और संसाधनों का सही रख-रखाव ही कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाता है। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से ईमानदारी और समर्पण भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here