फर्रुखाबाद। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शनिवार को थाना जहानगंज का औचक निरीक्षण कर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत आकलन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की साफ–सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, मिशन शक्ति केन्द्र, CCTNS कार्यालय, हवालात, मैस और पुलिस कर्मियों की बैरकों का बारीकी से निरीक्षण किया।
एसपी ने प्रत्येक व्यवस्था का अनुशासन और मानक के अनुसार पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि थानों में स्वच्छता और सुव्यवस्थित अभिलेख न केवल पुलिस की छवि को मजबूत करते हैं, बल्कि कार्यक्षमता भी बढ़ाते हैं।
औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में चिन्हित अपराधियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। इसमें
एचएस (History Sheeter),
सक्रिय अपराधी, टॉप 10 अपराधी शामिल रहे। उन्होंने इन अपराधियों पर सतत निगरानी बनाए रखने और समय-समय पर पड़ताल करने के निर्देश दिए।
एसपी आरती सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बीट प्रणाली को बेहतर और सक्रिय रूप से लागू करने के लिए कहा। उन्होंने बीट पुलिसिंग को कानून-व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए नियमित बीट क्षेत्र भ्रमण, स्थानीय नागरिकों से संवाद और संदिग्धों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने में जमा शस्त्रों का भौतिक सत्यापन कराने को कहा। साथ ही, थाना क्षेत्र की यातायात व्यवस्था, चालान कार्रवाई और सड़क सुरक्षा से जुड़े उपायों की समीक्षा की।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देशित किया कि
“वर्तमान में शासन द्वारा संचालित सभी कार्यक्रमों एवं अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
निरीक्षण ने पुलिस कर्मियों को स्पष्ट संदेश दिया कि कानून-व्यवस्था और जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। एसपी ने पुलिस बल को अनुशासन, समयपालन और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की हिदायत दी।






