25.5 C
Lucknow
Sunday, April 5, 2026

सूदखोरी का सनसनीखेज मामला: 70 हजार का कर्ज बना लाखों में, अब जमीन हड़पने का आरोप

Must read

गोंडा। जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र के बूढ़ा देवर गांव में सूदखोरी से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक किसान का आरोप है कि मामूली कर्ज ने देखते ही देखते कई गुना रूप ले लिया और अब सूदखोर उसकी कीमती जमीन पर कब्जा करने का दबाव बना रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने जरूरत के समय सूदखोर से लगभग 70 हजार रुपये का कर्ज लिया था। पीड़ित का कहना है कि उसने समय के साथ ब्याज सहित मूलधन चुका दिया, लेकिन इसके बावजूद सूदखोरों ने बकाया रकम को बढ़ाते हुए करीब 20 गुना तक पहुंचा दिया।
आरोप है कि कर्ज चुकाने के लिए पीड़ित को अपनी एक जमीन बेचनी पड़ी, जिससे मिले पैसे सूदखोर को दे दिए गए। इसके बाद भी दबाव खत्म नहीं हुआ और दूसरी जमीन बेचने पर भी उससे जबरन करीब 4 लाख 20 हजार रुपये वसूल लिए गए।
पीड़ित का आरोप है कि अब भी सूदखोर संतुष्ट नहीं हैं और उसकी रोड साइड की जमीन अपने नाम कराने के लिए लगातार दबाव बना रहे हैं। धमकी और दबाव के चलते पीड़ित परिवार दहशत में है।
मामले को लेकर पीड़ित पहले स्थानीय थाने पहुंचा, लेकिन जब वहां से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो उसने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से शिकायत की। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सूदखोरी का यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि कई लोग इस तरह के जाल में फंसकर अपनी जमीन और संपत्ति गंवा चुके हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article