नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में नई FIR दर्ज की है, जिसमें सोनिया और राहुल गांधी समेत 6 अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। FIR में तीन अन्य कंपनियों – एजेएल, यंग इंडियन और डोटेक्स मर्चेंडाइज प्राइवेट लिमिटेड – के नाम भी शामिल किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, FIR में आरोप है कि कांग्रेस के स्वामित्व वाली संस्था एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) का धोखाधड़ी से अधिग्रहण किया गया। AJL की कुल संपत्ति लगभग 2000 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह अधिग्रहण यंग इंडियन के माध्यम से संपन्न हुआ था, जिसमें गांधी परिवार की 76 फीसदी हिस्सेदारी थी।
नई FIR में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा समेत तीन अन्य लोगों का भी नाम दर्ज किया गया है। आरोप है कि इनकोलकाता आधारित तीन फर्जी कंपनियों के माध्यम से यंग इंडिया को 1 करोड़ रुपये और AJL को 50 लाख रुपये में अधिग्रहित किया गया। दिल्ली पुलिस ने संकेत दिया है कि AJL के शेयरधारकों को जल्द ही पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
नेशनल हेराल्ड केस 2008-2014 के बीच मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है। 2014 में तत्कालीन बीजेपी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी की शिकायत के आधार पर दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने मामले पर संज्ञान लिया। 9 अप्रैल को गांधी परिवार और अन्य लोगों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। कांग्रेस ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए ईडी पर केंद्र सरकार के इशारों पर काम करने का आरोप लगाया है।






