सोन नदी में नाव पलटी, छह महिलाएं लापता, एक की मौत

0
42

औरंगाबाद| जिले के नबीनगर क्षेत्र में सोन नदी में नाव पलटने की दर्दनाक घटना सामने आई है। घटना के समय नाव में कुल 22 लोग सवार थे, जो नदी पार कर रहे थे। अचानक नाव असंतुलित होकर पलट गई, जिससे सवार लोगों में अफरातफरी मच गई। इस हादसे में अब तक एक महिला का शव बरामद किया गया है, जबकि छह महिलाएं लापता हैं। स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।

हादसे में सुरक्षित बचे 16 लोगों को पास के इलाकों से निकाला गया और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। लापता महिलाओं की खोजबीन प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों की संयुक्त टीम द्वारा लगातार की जा रही है।
बीडीओ नबीनगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सीओ निकहत परवीन, आपदा प्रभारी अंतरा कुमारी, बड़ेम थानाध्यक्ष अमरजीत चौधरी और एनटीपीसी खैरा थानाध्यक्ष परमजीत कुमार मंडल भी मौके पर मौजूद हैं। एसडीओ संतन कुमार सिंह और सीडीपीओ संजय कुमार पांडेय भी घटनास्थल पर पहुँच चुके हैं। बीडीओ ने यह भी बताया कि कुछ ही देर में जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री भी घटनास्थल का निरीक्षण करेंगे।
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम ने बचाव कार्य में तेजी ला दी है। टीम नदी के किनारे और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन कर रही है। ग्रामीण भी अपनी नावों और उपकरणों के साथ लापता महिलाओं की तलाश में जुटे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वह नदी के पास न जाएं और बचाव कार्य में सहयोग करें।
घटना ने पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि यह हादसा अचानक हुआ और इससे उन्हें गहरा सदमा पहुँचा है। अधिकारियों का कहना है कि सभी लापता लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here