इटावा।रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए पॉलिटेक्निक के एक छात्र को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास कोच में लग्जरी अंदाज में सफर कर रहा था, जिससे शुरुआत में उस पर किसी को शक नहीं हुआ।
लेकिन जीआरपी की सतर्कता ने पूरा मामला खोल दिया। तलाशी के दौरान जैसे ही उसके पिट्ठू बैग और ट्रॉली बैग खोले गए, अंदर से भारी मात्रा में महंगी और ब्रांडेड शराब की बोतलें बरामद हुईं। यह देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली से शराब लेकर बिहार जा रहा था, जहां शराबबंदी के चलते इसकी अवैध सप्लाई की जाती है। पुलिस का मानना है कि यह मामला किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसकी जांच शुरू कर दी गई है।
जीआरपी अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों का भी खुलासा किया जा सके।


