शाहजहाँपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) की मंशा के अनुरूप दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से शुक्रवार को एक गरिमामय कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को कृत्रिम सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना (Minister Suresh Khanna) रहे। उनके साथ ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस, तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा, सहकारी बैंक अध्यक्ष डी.पी.एस. राठौर, विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी अपराजिता सिंह सिनसिनवार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव, परियोजना निदेशक जिला ग्राम विकास अभिकरण अवधेश राम, जिला कृषि रक्षा अधिकारी सहित जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी संजय कुमार उपस्थित रहे।
मंच पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने एक-एक कर दिव्यांग लाभार्थियों को सहायक उपकरण भेंट किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी संजय कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम के सफल संचालन व उपकरण वितरण में आदर्श दिव्यांग कल्याण संस्थान के सचिव नीरज बाजपेयी तथा विभागीय स्टाफ का विशेष योगदान रहा। वितरण समारोह में कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा अपनी विधायक निधि से सात दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त आठ ट्राईसाइकिल, दो स्मार्ट केन, चार व्हीलचेयर, तीन एमआर किट तथा एक स्टिक सहित कुल 25 सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। उपकरण पाते ही लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि यह कार्यक्रम सरकार की संवेदनशील सोच का प्रतीक है, जो समाज के हर वर्ग को समान अवसर, आत्मसम्मान और सशक्त जीवन देने के लिए प्रतिबद्ध है।


