फर्रुखाबाद। निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर समाजवादी पार्टी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। विधानसभा भोजपुर क्षेत्र के भड़ौसा गांव में बड़ी संख्या में फर्जी तरीके से भरे गए फॉर्म-7 का मामला सामने आने के बाद सपा नेताओं ने सोमवार को जिलाधिकारी फर्रुखाबाद से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष जांच की मांग की।
समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता व सचिव राधेश्याम सविता ने बताया कि शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि जीवित और पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के उद्देश्य से उनके फर्जी हस्ताक्षर कर फॉर्म-7 भरकर बीएलओ को दिए जा रहे हैं। पार्टी का कहना है कि यह न केवल चुनावी प्रक्रिया के साथ धोखाधड़ी है, बल्कि लोकतंत्र पर सीधा हमला भी है। किसी भी मतदाता को उसके संवैधानिक मताधिकार से वंचित करना बेहद निंदनीय और गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
सपा ने जिलाधिकारी से मांग की कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए तथा इसमें शामिल सरकारी और गैर-सरकारी सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि कोई भी योग्य मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रह जाए।
जिलाधिकारी फर्रुखाबाद ने समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई जाएगी और दोष पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉ. नवल किशोर शाक्य, पूर्व विधायक प्रताप सिंह यादव, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, प्रदेश सचिव सर्वेश अंबेडकर, जिला महासचिव इलियास मंसूरी, जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र सिंह शाक्य, जिला उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र शाक्य एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव, जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव, वरिष्ठ नेता जे.पी. वर्मा, प्रधान एवं जिलाध्यक्ष समाजवादी युवजन सभा शिवम यादव, जिलाध्यक्ष समाजवादी लोहिया वाहिनी अनुराग यादव, जिला सचिव नीलम सिंह चौहान, विकास कुमार सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here