औरैया। बेला-दिबियापुर मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक सड़क पर पहुंची बच्ची को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार थाना बेला क्षेत्र के गांव पुर्वा सुजान निवासी नौशाद मंसूरी की छह वर्षीय बेटी अनाया रविवार सुबह अपने भाई-बहनों और अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रही थी। सुबह करीब साढ़े नौ बजे खेलते-खेलते अचानक वह सड़क पर पहुंच गई। उसी समय बेला की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर सहार की ओर भाग निकला। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम अनाया की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की आवाज सुनकर परिजन घर से बाहर दौड़कर आए और सड़क पर मासूम के शव को देखकर बदहवास हो गए। परिजन शव के पास बैठकर रोने-बिलखने लगे। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पुलिस और थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाला।
पुलिस ने मासूम के शव को सड़क से हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए चिचोली स्थित मेडिकल कॉलेज भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सहार, बिधूना और एरवाकटरा की पुलिस भी कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
हादसे के बाद मासूम की मां नसरीन, बड़ी बहन जोया (10) और बड़ा भाई गोलू (8) का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार का दर्द उस समय और बढ़ गया जब गोलू अपने पिता से बार-बार पूछ रहा था कि “पापा अनाया ठीक तो हो जाएगी।” इस पर पिता भी आंसू रोकते हुए उसे झूठी सांत्वना देते रहे कि “हां बेटा, ठीक हो जाएगी।” यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि पिता नौशाद मंसूरी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने टक्कर मारने वाली पिकअप को थाना सहार क्षेत्र के गांव रावतपुरवा से बरामद कर थाने में खड़ा करा दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार कराया जाएगा।


