चरवा थाना क्षेत्र के सिरियावां चौराहा के समीप बाइक सवार दंपती से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि घटना में शामिल तीन अंतर्जनपदीय बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उनके एक अन्य साथी की तलाश जारी है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से लूट का माल, घटना में प्रयुक्त बाइक व अवैध असलहा भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, चरवा के सैयद सरावां निवासी रमेश सिंह 20 फरवरी को अपनी पत्नी के साथ करारी क्षेत्र के गुलामीपुर में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए थे। 21 फरवरी की भोर जब वे लौट रहे थे, तभी असवां गांव से पीछा करते हुए दो बाइक सवार चार बदमाशों ने सिरियावां चौराहे के पास उन्हें रोक लिया। गाली-गलौज करते हुए बदमाशों ने एक हजार रुपये नकद, की-पैड मोबाइल, महिला के झुमके, लॉकेट व चेन लूट ली और फरार हो गए। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसपी ने खुलासे के लिए थाना प्रभारी महेश सिंह व एसओजी प्रभारी विनय सिंह की टीम गठित की थी। शनिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तेरहमील के समीप से बाइक सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान प्रयागराज जनपद के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मंदर देह माफी निवासी संजय पुत्र विरेंद्र, आशू पुत्र भीम तथा अलमान उर्फ अरमान पुत्र परवेज अहमद के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि लूट का गहना बेचकर प्राप्त धनराशि आपस में बांट ली थी, जिसमें प्रत्येक के हिस्से 12-12 हजार रुपये आए थे। पुलिस ने 26,200 रुपये नकद, एक तमंचा-कारतूस, एक जोड़ी पायल, महिला का बैग, आधार व एटीएम कार्ड तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
एसपी राजेश कुमार के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी हैं। अभियुक्त संजय के विरुद्ध प्रयागराज के विभिन्न थानों में चोरी के पांच मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अलमान उर्फ अरमान पर चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है।


