बागपत। केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को लेकर अनावश्यक भय फैलाने का काम कर रहे हैं। वह स्वयं डर की राजनीति कर रहे हैं और लोगों को भी भ्रमित कर रहे हैं। जयंत सिंह ने कहा कि एसआईआर से किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रत्येक नागरिक को इस प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
राज्यमंत्री रविवार को छपरौली स्थित श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में वेस्ट यूपी के पहले सिंथेटिक रनिंग ट्रैक का उद्घाटन करने पहुंचे थे। अखिलेश यादव द्वारा एसआईआर के बहाने लोगों को घर–दुकान से बेदखल किए जाने की आशंका जताने पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल भ्रम फैलाने की राजनीति है। उन्होंने कहा कि “एसआईआर का फार्म भरना हर नागरिक का अधिकार है, इससे वोट सुरक्षित होगा और लोकतंत्र की जड़ें मजबूत होंगी।”
जयंत ने लोगों से अपील की कि वे एसआईआर फार्म भरकर अपने मतदान अधिकार की सुरक्षा करें और प्रक्रिया पर सजग निगाह रखें, ताकि किसी को भी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान जयंत सिंह ने सिंथेटिक ट्रैक पर दौड़कर उसका उद्घाटन भी किया। कॉलेज परिसर में बनाए गए पांच लेन वाले 200 मीटर के इस ट्रैक का निर्माण 82 लाख रुपये की लागत से कराया गया है, जहां प्रतिदिन करीब 300 युवा अभ्यास कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि अब युवाओं को पुलिस, सेना व अन्य भर्ती परीक्षाओं की तैयारी के लिए सड़कों पर नहीं दौड़ना पड़ेगा।
कार्यक्रम में छपरौली विधायक डॉ. अजय कुमार, राष्ट्रीय सचिव डॉ. कुलदीप उज्ज्वल, जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर, डॉ. अनिल आर्य, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष धीरज उज्ज्वल, एवं प्रबंधक विक्रम सिंह समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके साथ ही जयंत सिंह ने घोषणा की कि आने वाले तीन वर्षों में खेल सुविधाओं पर 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। स्टेडियम निर्माण, सिंथेटिक ट्रैक, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाओं को विकसित कर युवाओं के लिए बेहतर खेल वातावरण तैयार किया जाएगा।




