लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत आज SIR फॉर्म भरकर BLO को देने का अंतिम दिन है। जो मतदाता अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं, उनके लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है।
निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों के अनुसार 31 दिसंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी, जिसके बाद 30 जनवरी 2026 तक आपत्तियां और दावे दर्ज किए जा सकेंगे। सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद फरवरी 2026 में फाइनल वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी।
क्यों जरूरी है SIR फॉर्म?
SIR फॉर्म के माध्यम से मतदाता सूची में नाम, पता, उम्र या अन्य विवरणों में सुधार किया जाता है, साथ ही छूटे हुए पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ा जाता है। समय पर फॉर्म न देने की स्थिति में मतदाता को आगामी चुनावों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इलेक्शन कमीशन ऑफ़ इंडिया के निर्देश पर प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आज ही अपना SIR फॉर्म भरकर संबंधित BLO को सौंप दें, ताकि मतदाता सूची त्रुटिरहित और अद्यतन रह सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मताधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है, इसलिए सभी पात्र नागरिक समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।






