फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल यादव ने एसआईआर प्रक्रिया में हो रही कथित गड़बड़ियों को लेकर जनमानस से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े को उजागर करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी, जोन प्रभारी, सेक्टर प्रभारी, बूथ प्रभारी और बीएलए सहित जनपद के सभी मतदाता तथा जागरूक नागरिक यदि कहीं भी किसी प्रकार की गड़बड़ी या फर्जीवाड़ा देखते हैं तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित जिम्मेदार लोगों को दें, ताकि समय रहते उसे उजागर किया जा सके।
जिलाध्यक्ष चंद्रपाल यादव ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में किसी भी तरह की अनियमितता या फर्जीवाड़ा लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सतर्क रहें और लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था को मजबूत बनाएं।
उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर की प्रक्रिया में आए दिन सामने आ रही गड़बड़ियां एक साजिश का परिणाम हैं। उनका कहना था कि इस तरह की घटनाओं से लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे जागरूक नागरिकों की भागीदारी से ही रोका जा सकता है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या फर्जीवाड़े की जानकारी तुरंत साझा करें, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके।


