मुरादाबाद| पुलिस की दबंगई का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर के एक होटल संचालक शारिक खान ने आरोप लगाया है कि गुरुवार देर रात करीब 1:30 बजे एक दारोगा और सिपाही शराब के नशे में होटल पहुंचे और खाना मांगने लगे। होटल बंद होने की जानकारी मिलते ही दोनों पुलिसकर्मी भड़क गए।
आरोप है कि दारोगा और सिपाही ने पहले होटल में तोड़फोड़ की और रसोई में रखा सामान फेंक दिया। इसके बाद उन्होंने सीट से खींचकर होटल मालिक शारिक खान के साथ मारपीट की। यही नहीं, पूरे स्टाफ के साथ भी गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। रसोई में मौजूद रसोइये को भी निशाना बनाया गया।
पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसकी फुटेज अब इंटरनेट मीडिया पर वायरल है। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जांच शुरू कर दी गई है और फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
होटल संचालक ने दारोगा और सिपाही पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस विभाग की वर्दी का गलत इस्तेमाल किया गया है। घटना के बाद होटल कर्मियों में दहशत का माहौल है।





