13 C
Lucknow
Monday, February 9, 2026

नेटफ्लिक्स पर ट्रेंड कर रही ‘सिंगल पापा’, हंसी और आंसुओं का खूबसूरत संगम बनी ये सीरीज

Must read

मुंबई: नेटफ्लिक्स (Netflix) पर हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज ‘सिंगल पापा’ (Single Papa) ने आते ही दर्शकों का दिल जीत लिया है। रिलीज के साथ ही यह सीरीज नेटफ्लिक्स की टॉप-10 ट्रेंडिंग लिस्ट में शामिल हो गई है। यह एक ऐसी फील-गुड सीरीज है, जो दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ भावुक भी कर देती है। खास बात यह है कि सीरीज की कहानी आम जिंदगी से जुड़ी हुई है, जिससे हर वर्ग के दर्शक खुद को जोड़ पाते हैं।

इस सीरीज में कुणाल खेमू ने मुख्य भूमिका निभाई है और उनकी एक्टिंग को दर्शकों से जबरदस्त सराहना मिल रही है। कुणाल खेमू का किरदार एक ऐसे शख्स का है, जिसे पिता बनने की गहरी इच्छा है, लेकिन उसकी पत्नी बच्चे नहीं चाहती। इसी वजह से उसकी शादी टूट जाती है और कहानी एक नए मोड़ पर पहुंच जाती है।

कुणाल खेमू सीरीज में गौरव गहलोत नाम के किरदार में नजर आते हैं, जो एक जाट परिवार से ताल्लुक रखता है। वह अपने माता-पिता और बहन के साथ रहता है और पारिवारिक मूल्यों से गहराई से जुड़ा हुआ है। गौरव समाज और परिवार के खिलाफ जाकर एक बच्चे को गोद लेने की जिद करता है और इसी संघर्ष के इर्द-गिर्द पूरी कहानी बुनी गई है।

सीरीज कुल 6 एपिसोड की है और इसकी शुरुआत ही एक कोर्ट रूम सीन से होती है, जहां गौरव गहलोत के तलाक का मामला चल रहा होता है। शुरुआती सीन से ही यह साफ हो जाता है कि आगे दर्शकों को हंसी, इमोशन और पारिवारिक ड्रामा का भरपूर तड़का मिलने वाला है। गहलोत परिवार के डायलॉग्स और सिचुएशंस दर्शकों को खूब गुदगुदाते हैं।

‘सिंगल पापा’ सिर्फ एक पिता की कहानी नहीं है, बल्कि यह रिश्तों और भावनाओं की गहराई को भी दिखाती है। सीरीज में पिता और बच्चे के रिश्ते को बेहद संवेदनशील तरीके से पेश किया गया है। यह दिखाया गया है कि कैसे पिता और बच्चा अपने इमोशन्स को जाहिर करने में झिझकते हैं और फिर कैसे परिवार का साथ इस दूरी को खत्म करता है।

सीरीज समाज की उस सोच पर भी सवाल उठाती है, जिसमें यह मान लिया जाता है कि बच्चे की देखभाल सिर्फ मां ही कर सकती है। कुणाल खेमू का किरदार गौरव गहलोत और दयानंद शेट्टी का किरदार पहाड़ सिंह इस धारणा को तोड़ते नजर आते हैं। वे साबित करते हैं कि एक पिता भी बच्चे को उतना ही प्यार और सुरक्षा दे सकता है।

इस सीरीज में नेहा धूपिया भी अहम भूमिका में नजर आती हैं। वह चाइल्ड केयर और अडॉप्शन सेंटर से जुड़ी एक महिला का किरदार निभा रही हैं, जो गौरव गहलोत के अडॉप्शन के रास्ते में कई मुश्किलें खड़ी करती हैं। उनके किरदार के जरिए अडॉप्शन प्रक्रिया की जटिलताओं को भी दिखाया गया है।

कास्ट की बात करें तो ‘सिंगल पापा’ में प्राजक्ता कोहली, कुणाल खेमू, मनोज पाहवा, आयशा रजा मिश्रा, ईशा तलवार, नेहा धूपिया, आइशा अहमद और दयानंद शेट्टी जैसे दमदार कलाकार नजर आते हैं। खास तौर पर मिर्जापुर में नजर आ चुकीं ईशा तलवार इस सीरीज में गौरव गहलोत की एक्स पत्नी के रोल में दिखाई देती हैं और एक स्ट्रॉन्ग, इंडिपेंडेंट महिला का किरदार निभाकर गहरी छाप छोड़ती हैं। कुल मिलाकर, ‘सिंगल पापा’ एक ऐसी सीरीज है, जिसे परिवार के साथ बैठकर जरूर देखा जा सकता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article