नई दिल्ली। घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ा बदलाव लागू किया गया है। अब एक बार गैस सिलेंडर लेने के बाद उपभोक्ताओं को अगला सिलेंडर बुक कराने के लिए कम से कम 21 से 25 दिन तक इंतजार करना होगा। तेल कंपनियों द्वारा लागू किए गए इस नए नियम का असर देश के करोड़ों गैस उपभोक्ताओं पर पड़ने वाला है।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में गैस सिलेंडरों की घबराहट में अधिक बुकिंग होने लगी थी, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया था। इसी स्थिति को देखते हुए कंपनियों ने बुकिंग के बीच न्यूनतम समय तय कर दिया है, ताकि गैस की उपलब्धता संतुलित बनी रहे और सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिल सके।
नए नियम के अनुसार सिंगल सिलेंडर कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को कम से कम 21 दिन बाद ही अगली बुकिंग करने की अनुमति होगी, जबकि डबल सिलेंडर कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं के लिए यह अंतराल लगभग 25 दिन रखा गया है। निर्धारित समय से पहले बुकिंग करने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
इसी के साथ गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार 14.2 किलो घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में करीब 60 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है, जबकि 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर के दाम लगभग 115 रुपये तक बढ़ गए हैं।
ऊर्जा क्षेत्र के जानकारों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और वैश्विक हालात के कारण ऊर्जा बाजार पर दबाव बना हुआ है, जिसका असर गैस की कीमतों और आपूर्ति व्यवस्था पर भी पड़ रहा है।
तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि देश में गैस की कोई बड़ी कमी नहीं है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे घबराकर अतिरिक्त बुकिंग न करें और गैस का उपयोग जरूरत के अनुसार ही करें, ताकि सभी लोगों तक समय पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
अब 25 दिन बाद ही मिलेगा गैस सिलेंडर


